नई दिल्ली, 05 अक्टूबर।
नई दिल्ली की सांसद बांसुरी स्वराज और नेता दर्शना जरदोश ने सोमवार को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्घाटन किया। यह शिविर ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत लगाया गया।
बांसुरी स्वराज ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली प्रदेश भाजपा की ओर से यह सेवा शिविर आयोजित किया गया है।
उन्होंने लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच सुविधा का लाभ लेने की अपील की। बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत के साथ स्वस्थ भारत का भी लक्ष्य रखा है और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में कई योजनाएं शुरू की हैं। इनमें जन औषधि केंद्र, आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य बीमा योजना और गर्भवती महिलाओं के लिए मातृ वंदना योजना शामिल हैं।
बांसुरी स्वराज ने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि मातृत्व अवकाश को 12 सप्ताह से बढ़ाकर 26 सप्ताह किया गया है।
बांसुरी स्वराज ने प्रधानमंत्री मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सबसे लंबे समय तक जनप्रतिनिधि के रूप में ‘मां भारती’ की सेवा की है।














