नई दिल्ली, 5 अक्टूबर।
केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी 8 अक्टूबर को चेन्नई ट्रेड सेंटर में विंडरजी इंडिया के आठवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ भारत के प्रमुख पवन ऊर्जा आयोजनों में शामिल इस कार्यक्रम की शुरुआत होगी।
नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार आयोजन 7 से 9 अक्टूबर तक चलेगा। उद्घाटन समारोह में राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक और तमिलनाडु सरकार के ऊर्जा संसाधन एवं कानून मंत्री थिरु सीटीआर निर्मल कुमार सहित केंद्र व राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, पवन ऊर्जा संगठनों के प्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रमुख लोग शामिल होंगे।
तीन दिवसीय व्यापार मेले में दो दिवसीय सम्मेलन, तकनीकी सत्र, गोलमेज चर्चाएं, सजीव प्रदर्शन तथा व्यवसायिक और सरकारी स्तर की बैठकें होंगी। आयोजन में 20 से अधिक देशों के करीब 400 वैश्विक प्रदर्शक और 500 प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। डेनमार्क, जर्मनी और स्पेन के विशेष देश मंडप भी लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम में घरेलू मूल्यवर्धन, उन्नत टरबाइन मंच, भारी क्षमता वाले गियरबॉक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित संचालन एवं रखरखाव और समुद्री पवन ऊर्जा पर विशेष चर्चा होगी। सम्मेलन में विनिर्माण प्रतिस्पर्धा, योजना, मजबूती की रणनीति और समुद्री पवन ऊर्जा के विस्तार पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।














