मोरीगांव, 05 अक्टूबर।
नगांव लोकसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए मतदान दल सोमवार को अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए। मंगलवार को होने वाले मतदान से पहले मोरीगांव कॉलेज मैदान से पीठासीन अधिकारियों सहित अन्य मतदान कर्मियों ने प्रस्थान किया।
इसी तरह नगांव जिला मुख्यालय से भी मतदान दलों को उनके संबंधित केंद्रों के लिए भेजा गया। मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए सभी दलों को आवश्यक चुनाव सामग्री और उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
मतदान कर्मी मतदान शुरू होने से पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर जरूरी तैयारियां पूरी करेंगे। नगांव लोकसभा क्षेत्र में नगांव और मोरीगांव जिलों के आठ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
क्षेत्र में 6 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतों की गिनती 9 अक्टूबर को निर्धारित है।














