बहरोड़, 05 अक्टूबर।
कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में सोमवार सुबह दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज हादसा हो गया। आगे चल रहे डंपर से एक पिकअप की टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी एक ही परिवार से जुड़े थे और शादी समारोह में शामिल होने मुगलपुर गांव जा रहे थे।
बहरोड़ थाने के सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब छह बजे जेजे पैलेस के सामने फ्लाईओवर पर हुई। पिकअप में उत्तर प्रदेश निवासी फरियाद अली (24), समसुद्दीन (40), तस्लीमन (45) और चालक मोहम्मद राशिद (40) सवार थे। ये सभी कोटपूतली क्षेत्र में अस्थायी रूप से रहकर खेती करते हैं।
डंपर से भिड़ंत में फरियाद अली और समसुद्दीन की जान चली गई। तस्लीमन और राशिद गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने दोनों घायलों को कोटपूतली जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को राजमार्ग से हटवाया गया।
परिजन इकरार खान ने बताया कि फरियाद अली अपने साले दिलशाद खान की शादी में शामिल होने जा रहा था। दिलशाद की शादी मंगलवार को होनी है और बारात चंडीगढ़ जाएगी। मुगलपुर में दिलशाद का परिवार खेती करता है।
शादी के लिए पिकअप में चावल और घरेलू सामान भी रखा था। टक्कर के बाद सामान सड़क पर बिखर गया। परिजनों के अनुसार फरियाद का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर का रहने वाला है और करीब दो महीने पहले परिवार अपने गांव गया था।
फरियाद की शादी 13 सितंबर को हुई थी और उसकी पत्नी अपने भाई की शादी के लिए पहले ही मुगलपुर पहुंच गई थी। फरियाद रिश्तेदारों के साथ पिकअप से विवाह समारोह में जा रहा था। अस्पताल की मोर्चरी में पहुंची उसकी सास ने बताया कि बेटी की शादी को अभी 22 दिन ही हुए थे और हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।














