नई दिल्ली, 05 अक्टूबर।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली जल बोर्ड के 50 हजार पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की शुरुआत की। यह पहल सेवा संकल्प अभियान के तहत केदारनाथ साहनी सभागार में शुरू की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उपचार का खर्च पेंशनर्स को स्वयं वहन करना पड़ता था और बाद में भुगतान प्राप्त करने के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना होता था। नई व्यवस्था से इलाज के समय भुगतान और दस्तावेजी प्रक्रिया की चिंता नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने दिल्ली की सेवा में अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष लगाए हैं, उन्हें उम्र के इस पड़ाव पर इलाज के खर्च की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सूचीबद्ध अस्पतालों में आपातकालीन, नियोजित और गैर-आपातकालीन उपचार के साथ चिकित्सा जांच भी कैशलेस सुविधा के तहत होगी।
कार्यक्रम में जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, महापौर प्रवेश वाही, दिल्ली सरकार के प्रमुख सचिव राजीव वर्मा और दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि इस पहल से दिल्ली जल बोर्ड के पेंशनर्स और उनके परिवारों को उपचार के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाना उनके लिए अधिक आसान होगा।
महापौर ने इस पहल को कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं से पेंशनर्स को बेहतर और सुगम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।














