बीकानेर, 5 अक्टूबर।
बीकानेर नगर निकाय चुनाव में महापौर और उपमहापौर के चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। चुनाव में पराजित प्रत्याशियों की ओर से पार्षदों की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस पार्षद मनोज बिश्नोई ने सोमवार को सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता कर मामले में अपना नाम जोड़े जाने पर आपत्ति जताई।
बिश्नोई ने कहा कि कांग्रेस में कुछ लोग समाज के नाम पर राजनीति कर रहे हैं, लेकिन चुनाव के दौरान उन्हीं लोगों पर कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशियों को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में अल्पसंख्यक समाज के लोग भी कांग्रेस प्रत्याशियों के सामने चुनाव मैदान में थे। ऐसे उम्मीदवारों को चुनाव से हटाने के प्रयासों के समय समाज के नाम पर राजनीति करने वाले लोग कहां थे, इसका जवाब दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसी कमजोर वर्ग या अल्पसंख्यक समाज के व्यक्ति के सामने आने वाली परेशानी के समय ऐसे नेताओं की भूमिका दिखाई नहीं दी। बिश्नोई के अनुसार कांग्रेस किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी 36 कौम की पार्टी है। उन्होंने बिना प्रमाण किसी व्यक्ति पर आरोप लगाने को संगठन के लिए उचित नहीं बताया।
बिश्नोई ने कहा कि चुनाव परिणाम को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चा को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित करने के बजाय पूरे घटनाक्रम को संगठनात्मक नजरिए से देखा जाना चाहिए। उनके अनुसार किसी एक पार्षद को निशाना बनाकर चुनाव परिणाम की पूरी जिम्मेदारी उस पर डालना उचित नहीं है।














