भुवनेश्वर, 05 अक्टूबर।
ओडिशा विजिलेंस ने मयूरभंज जिले के बेतनटी आरएंडबी उपखंड में पदस्थ सहायक कार्यपालक अभियंता अरविंद मोहंती के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोप में सोमवार को एक साथ 10 ठिकानों पर तलाशी शुरू की। कार्रवाई ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों को लेकर की जा रही है।
तलाशी अभियान विशेष न्यायाधीश, विजिलेंस, बारीपदा द्वारा जारी वारंट के आधार पर चल रहा है। पांच डीएसपी के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई में आठ निरीक्षक और अन्य कर्मचारी भी शामिल हैं।
विजिलेंस की टीमें मयूरभंज, बालेश्वर और खोर्धा जिलों में मोहंती से जुड़े अलग-अलग परिसरों की जांच कर रही हैं। इनमें बालेश्वर के अंगारगड़िया स्थित तीन मंजिला आवास, खुर्दा के बालिअंता स्थित दो मंजिला भवन तथा बेतनटी स्थित कार्यालय और आवास शामिल हैं।
इसके अलावा बालेश्वर जिले के जलेश्वर क्षेत्र के रायण-रामचंद्रपुर स्थित पैतृक आवास, बसंतपुर स्थित फार्म हाउस और बामपदा के एक अन्य मकान में भी तलाशी ली जा रही है।
विजिलेंस अधिकारियों ने मोहंती के करीबी सहयोगियों से जुड़े तीन परिसरों को भी जांच के दायरे में रखा है। इनमें अंगारगड़िया, बाइसिंगा (मयूरभंज) और बामपदा (बालेश्वर) स्थित आवास शामिल हैं।
विजिलेंस के मुताबिक सभी 10 स्थानों पर कार्रवाई जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामद संपत्ति और दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है। मामले में आगे की जानकारी तलाशी अभियान समाप्त होने के बाद दी जाएगी।














