खूंटी, 05 अक्टूबर।
कर्रा प्रखंड के तिलमी स्कूल के करीब 100 बच्चों के शैक्षणिक भ्रमण के दौरान फूड प्वाइजनिंग की चपेट में आने के मामले की जानकारी लेने के लिए सोमवार को खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल कर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी चिकित्सक डॉ. झा से मुलाकात की। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य और उन्हें दिए जा रहे उपचार की जानकारी ली गई।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने अस्पताल में भर्ती बच्चों और उनके अभिभावकों से भी मुलाकात की तथा उनका हालचाल जाना।
प्रभारी चिकित्सक डॉ. झा ने बताया कि बच्चों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। सभी का उपचार किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है।
उन्होंने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। कुछ बच्चों का इलाज गांव में भी चल रहा है।
रवि मिश्रा ने घटना को चिंताजनक बताते हुए बच्चों और अभिभावकों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण के दौरान भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है।
इस दौरान विलसन तोपनो, ऋतुराज झा, अजय किशोर मुंडा, विक्रम नाग, अल्बर्ट तिग्गा, एलेक्सियूस परधिया, अनमोल होरो, शशिकांत होरो और अब्बास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।














