सुलतानपुर, 5 अक्टूबर।
कादीपुर थाना क्षेत्र के कुम्हीडड़िया गांव स्थित मनराजी शिक्षण संस्थान में शिक्षक दंपति की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया है। कादीपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपितों के पास से चोरी की रकम और हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के अनुसार, शिक्षण संस्थान में मुकेश कुमार सिंह और उनकी पत्नी विनीता सिंह की धारदार हथियार से हत्या हुई थी। 29 सितंबर को मृतक के भाई अखिलेश सिंह की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए एसओजी और सर्विलांस समेत पांच टीमों को लगाया गया था। घटनास्थल से वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए।
जांच के दौरान पुलिस ने बुढ़ाना पुल के समीप बड़ी नहर की पुलिया से राकेश कुमार यादव और आशीष यादव उर्फ डब्बू यादव को पकड़ा। पूछताछ में राकेश ने बताया कि वह संस्थान में बस चलाने के साथ कंप्यूटर पढ़ाता था। आर्थिक परेशानी के चलते उसने अपने पड़ोसी और पट्टीदार आशीष के साथ मिलकर संस्थान में चोरी करने की योजना बनाई थी।
राकेश को संस्थान के कार्यालय, अलमारी और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी थी। 28 सितंबर की रात दोनों चोरी के इरादे से वहां पहुंचे। राकेश लॉकर खोलकर सामान निकाल रहा था, तभी विनीता सिंह ने उसे देख लिया और विरोध किया। पहचान उजागर होने के डर से राकेश ने फावड़े से उन पर हमला कर दिया। मुकेश सिंह ने यह देख लिया और बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने पीछा कर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी भी हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपित नकदी के साथ विनीता सिंह का मोबाइल फोन और आधार कार्ड लेकर चले गए। पुलिस ने उनके कब्जे से 34,960 रुपये, कुल्हाड़ी और फावड़ा बरामद किया है।














