इंफाल, 05 अक्टूबर।
मणिपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत इंफाल ईस्ट जिले में कार्रवाई कर तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से कोडीन फॉस्फेट युक्त कफ सिरप की 318 बोतलें, एक महिंद्रा एक्सयूवी और एक टीवीएस जुपिटर स्कूटी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, विश्वसनीय सूचना मिलने पर रविवार को इंफाल ईस्ट जिला पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने निंगथेम पुखरी मापल इलाके में अभियान चलाया।
इस दौरान सागोलबंद टेरा खुराईजाम लेइराक निवासी 41 वर्षीय जॉन लोंगजाम उर्फ मणि को पकड़ा गया। उसके पास से चोको प्लस कंपनी की कोडीन फॉस्फेट 10 एमजी वाली कफ सिरप की 158 बोतलें मिलीं।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नओरेमथोंग खुलेम लेइकाई निवासी 41 वर्षीय लोंगजाम वांगलेन को उसके घर से गिरफ्तार किया। वांगलेन से मिली जानकारी के बाद सिंगजामेई ओइनम थिंगेल निवासी 29 वर्षीय निंगथौजम हेनचिंग को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि हेनचिंग के कब्जे से इसी कंपनी की कोडीन फॉस्फेट 10 एमजी युक्त कफ सिरप की 160 बोतलें बरामद हुईं। इस तरह जब्त कफ सिरप की कुल संख्या 318 बोतल हो गई।
गिरफ्तार आरोपितों और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पोरोमपट पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। राज्य सरकार और पुलिस ने मणिपुर में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।














