जगदलपुर, 5 अक्टूबर।
बस्तर पुलिस का साइबर जागृति अभियान सोमवार को संपन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में 15 अगस्त से शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने स्कूल-कॉलेज, विभिन्न संस्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और ग्राम चौपालों में जागरूकता कार्यक्रम किए। इस दौरान करीब 2 लाख 29 हजार नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।
अभियान में साइबर विभाग ने प्रोजेक्ट रिकनेक्ट के तहत तकनीकी संसाधनों और लगातार कार्रवाई के जरिए गुम हुए 151 मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा और सिटी एसपी सुमित कुमार धोत्रे ने मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे।
समापन कार्यक्रम में नागरिकों को साइबर सुरक्षा संकल्प दिलाया गया। उन्हें ओटीपी, पिन, सीवीवी और यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करने, अनजान लिंक से बचने तथा संदिग्ध एप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने कहा कि अभियान समाप्त हुआ है, साइबर जागरूकता नहीं। बदलते साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता जरूरी है।














