कैथल, 5 अक्टूबर।
गांव पाई की अनाज मंडी में पीआर धान की खरीद नहीं होने से नाराज किसानों ने सोमवार को पूंडरी-राजौंद मार्ग पर जाम लगा दिया। किसानों का कहना था कि उनकी फसल में नमी 17 प्रतिशत से कम है, फिर भी कई दिनों से मंडी में धान की ढेरियां पड़ी हैं और खरीद नहीं हो रही है।
जाम की सूचना पर डीएसपी सुशील कुमार, एसडीएम संजय सिंह और पूंडरी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत की और जल्द फसल खरीदने का भरोसा दिया।
किसानों ने बताया कि निर्धारित मानक पूरा होने के बाद भी खरीद एजेंसियां धान नहीं उठा रही हैं। उनका आरोप है कि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, लेकिन मंडी में 2200 से 2250 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीद होने से उन्हें करीब 200 से 250 रुपये प्रति क्विंटल का नुकसान हो रहा है।
एसडीएम संजय सिंह ने मंडी पहुंचकर धान की ढेरियां देखीं। मार्केट कमेटी पाई के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा और सचिव जोगेंद्र सिंह पेसिया भी वहां पहुंचे। एसडीएम ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और मौके पर ही खरीद शुरू कराने की प्रक्रिया शुरू करवाई।
खरीद शुरू होने के बाद किसानों ने सड़क से जाम हटा लिया। किसानों ने प्रशासन से मंडी में खरीद व्यवस्था सुचारु रखने की मांग की।














