मुंबई, 05 अक्टूबर।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उपनेता शरद कोली को सोलापुर ग्रामीण पुलिस ने महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डेंजरस एक्टिविटीज के तहत गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें यरवडा केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कोली के खिलाफ जबरन वसूली और धमकी सहित करीब नौ मामले दर्ज हैं। उनके विरुद्ध इस कानून के तहत कार्रवाई का आदेश लगभग एक सप्ताह पहले जारी हुआ था। आदेश के बाद से वह फरार चल रहे थे।
सोलापुर ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए रविवार देर रात उन्हें सांगली से पकड़ा। इसके बाद कोली को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें यरवडा जेल भेजने का आदेश दिया गया।
शरद कोली सोलापुर जिले की मोहोल तहसील के अर्धनगरी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 2012 में शिवसेना के साथ राजनीतिक गतिविधियों की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने ‘धड़ास’ नाम से सामाजिक संगठन बनाया और सोलापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां कीं।
शिवसेना में विभाजन के बाद वर्ष 2022 में कोली उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट में चले गए। उन्हें युवा सेना के विस्तार की जिम्मेदारी मिली और उन्होंने सोलापुर, लातूर तथा धाराशिव में संगठन से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया।
अक्टूबर 2023 में शरद कोली को शिवसेना (यूबीटी) का उपनेता बनाया गया था।













