जांजगीर-चांपा, 5 अक्टूबर।
चांपा थाना क्षेत्र के उच्चभिट्ठी गांव में करीब 9 डिसमिल जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद जानलेवा घटना में बदल गया। विवाद के दौरान राजकिरण यादव ने रमेश यादव के घर पहुंचकर कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने आए रमेश के पिता लोचन प्रसाद यादव को आरोपित ने जोरदार धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने के कुछ देर बाद बुजुर्ग की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, जमीन पर मकान बना हुआ है और उसके बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव तथा भरत यादव के परिवारों में विवाद चल रहा था। इसी क्रम में राजकिरण यादव रमेश के घर पहुंचा। उसके हाथ में धारदार ब्लेड था और उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलने पर चांपा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल की कार्रवाई, पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। मर्ग जांच में रमेश यादव सहित प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। प्रथम दृष्टया आरोप मिलने पर बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने तलाश के बाद राजकिरण यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरण्डम पर स्टील का ब्लेड बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।














