रांची, 05 अक्टूबर।
झारखंड में सोमवार दोपहर बाद मौसम ने करवट ली। राजधानी रांची समेत उत्तर-पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी जिलों के कई हिस्सों में बादल छाए रहे। रांची के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
हालांकि कुछ समय बाद मौसम साफ हो गया और धूप निकल आई। मौसम विभाग ने राज्य में 6 से 9 अक्टूबर के बीच मौसम में बदलाव की संभावना जताई है।
6 से 8 अक्टूबर तक कई जिलों में गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
9 अक्टूबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में भी गरज के साथ आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे में पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लातेहार में सबसे कम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जमशेदपुर में 35.2 और 23 डिग्री, डाल्टनगंज में 35.4 और 22.9 डिग्री, बोकारो में 33.1 और 22.5 डिग्री तथा चाईबासा में 35.4 और 22.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।














