तरनतारन, 5 अक्टूबर।
पंजाब के तरनतारन जिले में ममेरी बहन से प्रेम विवाह करने के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में युवक के पिता भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका उपचार चल रहा है। आरोप है कि लड़की के परिजनों ने युवक और उसके पिता पर घर पहुंचकर गोलीबारी की।
पुलिस के मुताबिक झबाल थाना क्षेत्र के पंजवार गांव निवासी अमृतपाल सिंह ने करीब डेढ़ महीने पहले अपने मामा की बेटी लकी से प्रेम विवाह किया था। इसी विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। रविवार शाम लड़की के परिवार के कुछ लोग अमृतपाल के घर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और इसके बाद लड़की के परिजनों ने अमृतपाल और उसके पिता कश्मीर सिंह पर फायरिंग कर दी।
गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें अमृतसर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया।
अमृतसर में उपचार के दौरान सोमवार को अमृतपाल सिंह ने दम तोड़ दिया। उसके पिता कश्मीर सिंह का इलाज अभी जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।














