लखनऊ, 06 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के सभी आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार को नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के अंतिम दिन धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार ने विधान भवन में पर्चे जमा किए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं। नामांकन से पहले सभी प्रत्याशी भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी सभी वर्गों और क्षेत्रों को साथ लेकर आगे बढ़ती है तथा सभी आठ उम्मीदवार संगठन से जुड़े कार्यकर्ता हैं। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित कई मंत्री व वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।
नामांकन के बाद प्रियंका सिंह रावत ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है और वह संगठन व समाज के लिए पूरी क्षमता से काम करने का प्रयास करेंगी। वहीं रामप्रताप सिंह चौहान ने सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। राज्यसभा चुनाव के कार्यक्रम के अनुसार छह अक्टूबर नामांकन की अंतिम तारीख है। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नौ अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को कराया जाएगा।














