नई दिल्ली, 06 अक्टूबर।
दिल्ली में आशा कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा फैसला लेते हुए उनका मासिक मानदेय 3,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये कर दिया गया है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने त्यागराज स्टेडियम में आयोजित आशा सम्मेलन के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र की कई पहलों की शुरुआत की।
कार्यक्रम में मिशन अनमोल के विस्तार, जीबी पंत अस्पताल में अंगदान और प्रत्यारोपण से जुड़े सोटो केंद्र तथा नर्सिंग होम प्रबंधन प्रणाली का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान किसी जरूरतमंद को जीवन का नया अवसर दे सकता है। उन्होंने स्वयं देहदान के लिए पंजीकरण कराने की जानकारी देते हुए लोगों से इस दिशा में जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
दिल्ली में 6,690 आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि को सरकार ने उनके लंबे समय से किए जा रहे योगदान का सम्मान बताया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मिशन अनमोल के तहत जन्म के 24 से 72 घंटे के भीतर नवजातों में 63 प्रकार की जन्मजात स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाना है।














