इंफाल, 06 अक्टूबर।
मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियानों के तहत पिछले 24 घंटों के दौरान बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी विवरण के अनुसार, एक पुख्ता खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए इंफाल ईस्ट के थंबलनु मार्केट से मो. शम्सुदुहा उर्फ ईटन नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो हथियारों और विस्फोटकों की अवैध खरीद-फरोख्त में संलिप्त था। जांच में यह खुलासा हुआ कि उसने पिछले साल जुलाई में दो महिलाओं के माध्यम से एक हैंड ग्रेनेड अपने साथी को दस हजार रुपये में बेचा था। इसके अलावा, एक अन्य संयुक्त अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने हेंगलेप थाना क्षेत्र के कुकीमुन गांव में गहन तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की, जिसमें कई पिस्तौल, सिंगल बैरल गन, इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार (पंपी), हैंड ग्रेनेड और मोर्टार बम शामिल हैं।
एक अन्य बड़ी कार्रवाई में म्यांमार में कैडरों की भर्ती और तस्करी से जुड़े उग्रवादी संगठन प्री-पाक (प्रो) के दो सक्रिय सदस्यों को काकचिंग जिले से दबोचा गया। पुलिस ने सोरा बाजार और काकचिंग लमखाई में अलग-अलग नाकेबंदी के दौरान मो. सिद्दीकी और शेखर नामक आरोपियों को इको वैन तथा थार गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया, जो नए रंगरूटों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए म्यांमार पहुंचाने के अवैध नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। इसके अतिरिक्त, एक अन्य ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने हाफिज तापसीर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में संदिग्ध हेरोइन और नकदी बरामद की, जिसे वह मोरेह से इंफाल की ओर तस्करी कर ले जा रहा था। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों और बरामद हथियारों, वाहनों तथा मादक पदार्थों को संबंधित थानों को सौंपकर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।














