मुजफ्फरनगर, 06 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुरकाजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्सर स्टेट हाईवे पर बढ़ीवाला में सोलानी नदी के पुल के पास एक तेज रफ्तार डंपर और स्कॉर्पियो कार की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा समेत तमाम अलअधिकारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और हाइड्रा की मदद से घंटों मशक्कत के बाद घायलों व मृतकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे का शिकार हुआ यह परिवार एक निजी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहा था। मृतकों की पहचान लोहा कारोबारी आदेश गोयल (45), उनकी बहन निशा (35), राखी और निशा की 14 वर्षीय पुत्री श्रद्धा के रूप में हुई है, जबकि हादसे में आदेश की बुजुर्ग मां कुसुम देवी, पत्नी रूबी और राखी की बेटी वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, ये सभी लोग एक रिश्तेदार के 75वें जन्मदिन के कार्यक्रम से कार द्वारा अपने घर वापस आ रहे थे। इस भीषण दुर्घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित और बेहतरीन इलाज सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए हैं, जबकि पुलिस ने डंपर और उसके चालक को अपनी हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














