मथुरा, 07 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा के वृंदावन स्थित चैतन्य विहार क्षेत्र के पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार मासूम छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना में एक अन्य छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि जिस परिसर में यह गुरुकुलम संचालित हो रहा था, वहां एक वर्ष पूर्व तक एक गेस्ट हाउस चलता था जिसे वर्तमान में आशीष शर्मा नामक व्यक्ति ने किराए पर लेकर गुरुकुलम में तब्दील किया था, और वहां लगभग सौ छात्र रहकर संस्कृत की शिक्षा ग्रहण कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे गुरुकुल के संचालक आचार्य आशीष ने छात्रों को संस्थान के पीछे बने लगभग 12 फीट गहरे बंद पानी के टैंक को साफ करने का निर्देश दिया था। निर्देश मिलते ही मनु कटारे नामक छात्र टैंक का ढक्कन खोलकर अंदर उतरा, जहां जहरीली गैस की मौजूदगी के कारण उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे बचाने के प्रयास में एक-एक करके विशू शर्मा, आर्यन पांडेय और देवांश शर्मा भी टैंक के भीतर उतर गए और वे सभी भी इस गैस की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों और आचार्यों द्वारा आनन-फानन में सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घटना के बाद से गुरुकुल संचालक मौके से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।














