जम्मू, 07 अक्टूबर।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन में बुधवार को व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया। सामान्य प्रशासन विभाग ने 49 आईएएस और जेकेएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत कई प्रशासनिक सचिवों के विभाग बदले गए हैं और विभिन्न जिलों के उपायुक्तों की नई तैनाती की गई है।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शालीन काबरा को राजस्व विभाग के प्रशासनिक सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। डॉ. आशीष चंद्र वर्मा को कृषि उत्पादन विभाग का वित्त आयुक्त बनाया गया है। एम. राजू से स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का प्रभार वापस लेकर उन्हें आतिथ्य एवं प्रोटोकॉल के साथ आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
आर. एलिस वाज को परिवहन विभाग का आयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। उनके पास नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। सौगत बिस्वास को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग और सरमद हफीज को युवा सेवा एवं खेल विभाग का आयुक्त सचिव बनाया गया है।
जम्मू के पूर्व संभागीय आयुक्त रमेश कुमार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें संस्कृति विभाग के प्रशासनिक सचिव और नई दिल्ली में जम्मू-कश्मीर सरकार के स्थानिक आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है। विकास कुंडल को जम्मू का नया संभागीय आयुक्त बनाया गया है।
अवनी लवासा को पर्यटन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वह जनजातीय मामलों के विभाग का प्रभार भी संभालेंगी। अंजलि सहरावत को जन शिकायत विभाग का सचिव और माजिद खलील द्राबू को पंजीकरण महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
राहुल यादव को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रशासनिक सचिव बनाया गया है। उन्हें जम्मू-कश्मीर पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। ओवैस अहमद को योजना, विकास एवं निगरानी विभाग का प्रशासनिक सचिव और कौशल विकास निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सागर डोईफोडे दत्तात्रय को समाज कल्याण विभाग का प्रशासनिक सचिव नियुक्त किया गया है।
राकेश मिन्हास को राज्य स्वास्थ्य एजेंसी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्रीकांत बालासाहेब सुसे को जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड का अध्यक्ष और आकृति सागर को जम्मू-कश्मीर पर्यटन विकास निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। अतहर आमिर खान को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
श्रीनगर नगर निगम की जिम्मेदारी बशारत कयूम को दी गई है। उन्हें श्रीनगर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है। आयुषी सूदन को जम्मू नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।
जिला स्तर पर मिंगा शेरपा को जम्मू का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। देवांश यादव को राजौरी और अभिषेक शर्मा को कुपवाड़ा का उपायुक्त बनाया गया है। अभिषेक शर्मा का राजौरी से तबादला किया गया है।
रूपेश कुमार को सांबा, जतिन किशोर को बडगाम, श्रेया सिंघल को गांदरबल और अनंत द्विवेदी को उधमपुर का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। जेकेएएस अधिकारियों में कुलदीप कृष्ण सिद्धा को पुलवामा और चरणदीप सिंह को शोपियां का उपायुक्त बनाया गया है।
ममता यादव को सूचना निदेशक और फजलुल हसीब को कृषि उत्पादन विभाग का अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। उपराज्यपाल के आदेश पर जारी इस फेरबदल में प्रशासनिक सचिवों, जिला उपायुक्तों और विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रमुखों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।













