बलौदाबाजार, 07 अक्टूबर।
विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्राम पंचायत स्तर पर दी गई जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, जनपद पंचायत बलौदाबाजार की ग्राम पंचायत देवरी के रोजगार सहायक रामकुमार यादव को सेवा से पृथक किया गया है। इसी तरह जनपद पंचायत कसडोल की ग्राम पंचायत सोनाखान के रोजगार सहायक अर्जुन सिंह ठाकुर पर भी कार्रवाई की गई है।
जनपद पंचायत पलारी की ग्राम पंचायत बिजरडीह के ग्राम रोजगार सहायक महेंद्र कोसले की सेवा भी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के कारण समाप्त की गई है।
जिला प्रशासन ने बताया कि मिशन के तहत ग्राम स्तर पर रोजगार सृजन, श्रमिकों का नियोजन और स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा कराना संबंधित अमले की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही अभिलेखों का संधारण और शासन के निर्देशों का पालन करना भी उनके दायित्व में शामिल है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन जिम्मेदारियों में लापरवाही, अनियमितता या शासकीय निर्देशों की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।













