सहरसा, 07 अक्टूबर।
सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल मुख्यालय में बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन ने आक्रोश मार्च निकाला। इसमें गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
मार्च के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के चलते मुख्य बाजार में कुछ समय के लिए राजनीतिक माहौल गरमा गया।
आक्रोश मार्च की शुरुआत मुख्य बाजार स्थित कांग्रेस कार्यालय से हुई। कार्यकर्ता मुख्य बाजार, पोस्ट आफिस चौक और शर्मा चौक से होते हुए ब्लॉक चौक पहुंचे।
ब्लॉक चौक स्थित प्रखंड कार्यालय परिसर में पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए गए।
सीपीआई नेता ओमप्रकाश नारायण ने कहा कि चुनाव आयोग लोकतंत्र की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है। उनके अनुसार चुनाव प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में लगातार सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।
राजकुमार चौधरी ने कहा कि इंडिया गठबंधन लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर अपनी आवाज आगे भी उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब देना और लोगों का विश्वास कायम करना जरूरी है।
प्रदर्शन में राजद नेता मुकेश यादव, मो. कैफी असरफ, अबू फराह सालजी, वीआईपी नेता रामचंद्र मुखिया, मो. अली अहमद, ललित कुमार सहित इंडिया गठबंधन के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














