नोएडा, 09 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के सेक्टर 94 के पास निर्माणाधीन सोसाइटी के बेसमेंट में भरे पानी में डूबने से 23 वर्षीय निजी विश्वविद्यालय के फिजिकल एजुकेशन छात्र हर्षित भट्ट की बुधवार शाम को मौत हो गई। पेपर खत्म करने के बाद हर्षित अपने तीन सहपाठियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था और इसके बाद बेसमेंट गड्ढे में नहाने चला गया।
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) साद मिया खान ने बताया कि हर्षित अपने दोस्तों हिमांशु, व्यास और कृष के साथ पेपर देने के बाद सेक्टर 94 के पास बैठकर मदिरा पी रहा था। शराब का असर होने पर हर्षित ने पास ही सोसाइटी के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में तैरने का प्रयास किया, लेकिन गहरे पानी में डूब गया। उसके दोस्त उसे बचाने के लिए गड्ढे में कूदे, लेकिन वे भी डूबने लगे। आसपास के लोगों ने तीनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची। आधे घंटे की मशक्कत के बाद हर्षित को पानी से बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गड्ढे के चारों ओर करीब 8 फीट ऊंची बैरिकेटिंग लगाई गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम हाउस के सामने का खुला हिस्सा इस्तेमाल कर हर्षित अंदर गया।
पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। मृतक के पिता लद्दाख से दिल्ली पहुंच रहे हैं। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और मां ने बताया कि हर्षित शराब नहीं पीता था तथा उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि हर्षित को मारपीट कर गड्ढे में फेंका गया हो।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। जिस प्लांट के गड्ढे में हादसा हुआ वह उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के तहत निर्माणाधीन था। आसपास के लोगों का कहना है कि गड्ढा लंबे समय से खाली पड़ा था और हाल ही में खुदाई कर पानी भरा गया था। गड्ढे की गहराई लगभग 30 से 40 फीट के बीच है और अंदर दलदल भी है।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
