पूर्वी सिंहभूम, 13 मई।
रेलवे यार्ड के समीप तेंदुए जैसे जंगली जानवर के देखे जाने की खबर सामने आने के बाद मंगलवार शाम पूरे क्षेत्र में अचानक दहशत का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में रेलवे यार्ड के पास एक बड़े जंगली जीव को दौड़ते हुए देखा गया, जिसे तेंदुआ बताया जा रहा है। इस वीडियो के सामने आते ही रेलवे प्रशासन, वन विभाग और रेलवे सुरक्षा बल तुरंत सक्रिय हो गए।
हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो में दिखाई देने वाला जानवर वास्तव में तेंदुआ है या किसी अन्य प्रजाति का जंगली जीव है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।
जमशेदपुर की प्रभागीय वनाधिकारी ने जानकारी दी कि वायरल वीडियो की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और संबंधित स्थान पर विशेष टीम को भेजा गया है।
वन विभाग की ओर से इलाके की झाड़ियों और सुनसान हिस्सों में सघन निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं, ताकि जानवर की गतिविधियों को रिकॉर्ड कर उसकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। पगमार्क के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
अधिकारियों का मानना है कि वीडियो में दिख रहा जीव संभवतः कोई बड़ी जंगली बिल्ली भी हो सकता है, इसलिए सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
इधर रेलवे प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। टाटानगर यार्ड में दिन-रात मालगाड़ियों और शंटिंग कार्य के कारण बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद रहते हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर कर्मचारियों को रात के समय झाड़ियों और सुनसान क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल लगातार क्षेत्र में गश्त कर रहा है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध जानवर की सूचना तुरंत दें और अफवाहों से बचें।



.jpg)

.jpg)


.jpg)



