खैबर पख्तूनख्वा, 12 मई।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में मंगलवार को हुए भीषण विस्फोट में दो पुलिसकर्मियों समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार यह विस्फोट सराय नौरंग तहसील के एक व्यस्त चौराहे पर हुआ, जहां पुलिसकर्मी यातायात नियंत्रण में लगे हुए थे। अचानक हुए धमाके से मौके पर मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए और भारी नुकसान हुआ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभी तक विस्फोट के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। यह जांच की जा रही है कि क्या वहां विस्फोटक सामग्री से भरा वाहन खड़ा था या किसी आत्मघाती हमलावर ने इसे अंजाम दिया। मामले की जांच बम निरोधक दस्ता कर रहा है।
घटना में मारे गए पुलिसकर्मियों की पहचान आदिल जान और राहतुल्लाह के रूप में हुई है। घायलों में महिलाएं और एक किशोरी भी शामिल हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान और मकसद का पता लगाया जा रहा है।











.jpg)
