अपराध
12 May, 2026

जयपुर में 55 लाख की ड्रग्स बरामद, नाइजीरियन तस्कर गिरफ्तार

जयपुर में पुलिस ने विशेष अभियान के तहत 55 लाख रुपये की कोकीन और एमडी के साथ अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े नाइजीरियन नागरिक को गिरफ्तार किया।

जयपुर, 12 मई।

राजधानी जयपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट की स्पेशल टीम और शिप्रापथ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े एक नाइजीरियन नागरिक को कोकीन और एमडी के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन के अनुसार, स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि शिप्रापथ थाना क्षेत्र के एसएफएस मानसरोवर स्थित होटल गंगा श्रेय इन के बाहर एक विदेशी नागरिक अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति के लिए मौजूद है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया और तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके कब्जे से 102 ग्राम कोकीन और 17 ग्राम एमडी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार कोकीन की बरामद मात्रा व्यावसायिक श्रेणी में आती है।

कार्रवाई के बाद पुलिस ने नाइजीरिया के अनाम्ब्रा स्टेट निवासी 44 वर्षीय टोचुकवू डेविड को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित जयपुर में यह खेप किसे पहुंचाने आया था और इस नेटवर्क के तार दिल्ली सहित अन्य राज्यों तक जुड़े हैं या नहीं। मामले में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़