सिवनी, 30 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना करीब रात 2 बजे मानकसरा गांव के पास हुई, जब तीनों युवक एक शादी समारोह से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय प्रीतम कुडोपा और 19 वर्षीय नीरज उड़ारी के रूप में हुई है। वहीं 23 वर्षीय स्वरूप मारवी को गंभीर हालत में पहले स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
सूचना मिलने पर घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।



.jpg)


.jpg)





