सिरसा, 16 अप्रैल।
स्थानीय पुलिस ने हथियारों के दम पर जबरन वसूली करने वाले तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अर्शदीप सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपितों की पहचान सिरसा निवासी अमनदीप, मनप्रीत और सोनल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी दीपक कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कंगनपुर फाटक के पास स्थित एक होटल में कार्यरत है। बीती रात जब वह होटल बंद करने की तैयारी में बाहर आया, तभी तीन युवक वहां पहले से मौजूद थे। आरोप है कि इन युवकों ने उसके साथ मारपीट की और हथियार तानते हुए कहा कि यह इलाका उनका है तथा होटल चलाने के लिए दो लाख रुपये देने होंगे, अन्यथा जान से मार देने की धमकी दी गई। किसी तरह अपनी जान बचाकर पीड़ित वहां से भागा और पुलिस को सूचना दी।
मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक बाइक, एक स्कूटी और एक पिस्तौल भी बरामद की है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।









.jpg)

.jpg)


