गिरिडीह, 05 मई।
बिरनी थाना क्षेत्र में रांची-दुमका मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मजदूरी करने जा रहे तीन श्रमिकों को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। इस घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बिरनी के जितकुंडी निवासी वासुदेव साव (55) और लखिया देवी (57) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान गनपत साव (58) के रूप में की गई है।
बताया गया कि तीनों श्रमिक अपने घर से पैदल माखमरगो की ओर मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सरिया की दिशा से तेज गति से आ रही पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल को गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)