प्रशासनिक खबरें
11 May, 2026

न्यू मार्केट में गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक जब्त, एजेंसी पर बड़ी कार्रवाई

भोपाल के न्यू मार्केट में खाद्य विभाग ने 211 गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक जब्त कर गैस एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि पहले से चल रहे गैस चोरी मामलों की भी जांच तेज कर दी गई है।

भोपाल, 11 मई।

राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट क्षेत्र में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक जब्त कर लिया। इस दौरान कुल 211 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिसके बाद संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, नियमित निरीक्षण के दौरान कस्तूरबा स्कूल के सामने दशहरा मैदान क्षेत्र में दो वाहन संदिग्ध स्थिति में खड़े पाए गए। जांच में एक वाहन खाली मिला, जबकि दूसरे वाहन में बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर लोड थे।

निरीक्षण के दौरान वाहन से 208 घरेलू गैस सिलेंडर भरे हुए, एक घरेलू सिलेंडर खाली, एक भरा हुआ कमर्शियल सिलेंडर और एक खाली कमर्शियल सिलेंडर बरामद किया गया। इस प्रकार कुल 211 सिलेंडरों को मौके से जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान एजेंसी के भागीदार संचालक अनिल खट्टर भी मौजूद थे। जब अधिकारियों ने सिलेंडरों को निर्धारित गोदाम के बाहर रखने के संबंध में सवाल किया तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि गैस सिलेंडर अधिकृत गोदाम की बजाय सार्वजनिक स्थान पर रखे गए थे, जो सुरक्षा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके बाद ट्रक सहित सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया और मामले को एडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इसी बीच पहले भी गैस चोरी से जुड़ा एक मामला सामने आ चुका है, जिसमें सैनी गैस एजेंसी का ट्रक बीच रास्ते खड़ा कर सिलेंडरों से गैस चोरी करने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर जांच की गई थी और एजेंसी संचालक को नोटिस भी जारी किया गया था।

लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए खाद्य विभाग ने गैस एजेंसियों पर निगरानी और सख्त कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़