मध्य-पूर्व
15 May, 2026

विरोधी देशों को छोड़कर सभी जहाजों के लिए खुला है होर्मुज - ईरान

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अधिकांश जहाजों के लिए सुरक्षित और खुला है तथा युद्धरत देशों को छोड़कर सभी को मार्ग उपलब्ध कराया जा रहा है।

नई दिल्ली, 15 मई।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उनका देश होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित और सभी के लिए खुला रखने का पक्षधर है। उन्होंने कहा कि युद्धरत देशों के जहाजों को छोड़कर बाकी सभी के लिए यह मार्ग उपलब्ध है, हालांकि परिस्थितियों को देखते हुए ईरानी सेना के साथ समन्वय आवश्यक रहता है।

ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे अराघची ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन को लेकर ईरान की नीति पारदर्शी है और वह इसे पूरी तरह पुनः सामान्य करना चाहता है। उन्होंने कहा कि जो जहाज यहां से गुजरना चाहते हैं, उन्हें सुरक्षा कारणों से सेना के साथ तालमेल बनाना होगा और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा, जैसा कि पहले भारतीय जहाजों के मामले में किया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में संघर्ष विराम की स्थिति बनी हुई है, लेकिन हालात संवेदनशील हैं। ईरान किसी भी प्रकार के दबाव या सैन्य कार्रवाई के आगे झुकने वाला नहीं है और समाधान केवल कूटनीतिक संवाद व आपसी सहमति से ही संभव है।

ईरानी विदेश मंत्री ने भारत और ईरान के संबंधों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के हित और चिंताएं काफी हद तक समान हैं तथा आपसी सहयोग लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने भारत द्वारा दिए गए मानवीय सहयोग की सराहना भी की।

चाबहार बंदरगाह को उन्होंने दोनों देशों के सहयोग का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया और कहा कि प्रतिबंधों के कारण इसकी प्रगति प्रभावित हुई है, लेकिन यह भविष्य में मध्य एशिया और यूरोप तक भारत की पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण है और देश ने पहले भी 2015 के समझौते के जरिए इसका प्रमाण दिया है। अमेरिका पर भरोसे को लेकर उन्होंने कहा कि वार्ता के दौरान विरोधाभासी स्थितियां सामने आती रही हैं, जिससे प्रक्रिया जटिल हुई है।

अराघची ने पाकिस्तान की मध्यस्थता को आंशिक रूप से प्रभावी बताया और चीन की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उसने पहले भी क्षेत्रीय कूटनीति में सकारात्मक योगदान दिया है और आगे भी उसका स्वागत किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़