शिमला, 09 अप्रैल।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बीती देर रात यात्रियों को ले जा रही लग्जरी वॉल्वो बस पर हमला होने की वारदात सामने आई है। आरोप है कि पंजाब के तीन युवकों ने बस चालक और परिचालक पर चाकुओं से हमला किया और पिस्टल लहराकर दहशत फैलाई। मामूली ओवरटेक विवाद के बाद यह हमला हुआ और हवाई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, थुरल क्षेत्र के बैरघट्टा के पास बिना नंबर की काले रंग की थार गाड़ी में सवार तीन युवकों ने कांगड़ा के बीड से दिल्ली जा रही बस को रोककर हमला किया। इस दौरान बस चालक सुंदर सिंह (27) और विजय कुमार (38) के अलावा परिचालक प्रवेश कुमार (35) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के समय आरोपियों ने पिस्टल लहराकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में डर पैदा किया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग पुलिस को सूचित करने पहुंचे और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थुरल ले जाया गया और गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया।
भवारना थाना और चौकी थुरल की पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। त्वरित कार्रवाई में थार गाड़ी में सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान बलविंदर सिंह, अलीश (पठानकोट) और निशान पाल (होशियारपुर) के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू और पिस्टल बरामद की। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीर बहादुर ने कहा कि घायलों का उपचार जारी है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।
हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों में भी वाहन पास को लेकर पंजाब के युवकों की हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिन्हें पुलिस ने समय रहते नियंत्रित किया था।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
