हमीरपुर, 28 अप्रैल
हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र के पहाड़ी भिटारी गांव में मंगलवार को एक राजमिस्त्री ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की जेब से मिला सुसाइड नोट मामले को और गंभीर बना रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी धर्मपाल (40) पुत्र बैजनाथ श्रीवास राजमिस्त्री का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मंगलवार को उसने घर के एक कमरे में अटारी के पास सीढ़ी लगाकर संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। आत्महत्या से पहले उसने एक सुसाइड नोट लिखकर अपनी जेब में रख लिया था, जिसमें भरत कुशवाहा और शिवकुमार नाम के दो व्यक्तियों का उल्लेख है।
मृतक के पिता बैजनाथ ने बताया कि बीती रात धर्मपाल ने अपनी पत्नी के साथ भरत कुशवाहा को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद भरत और उसके साथी शिवकुमार ने धर्मपाल को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी धमकी से डरकर उसने यह कदम उठा लिया।
घटना की सूचना पर पुलिस फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा सुसाइड नोट को भी जांच के लिए सुरक्षित कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।













