मीरजापुर, 28 अप्रैल
विंध्याचल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गैपुरा चौकी से लगभग एक किलोमीटर दक्षिण-पूर्व स्थित कठवइयां गांव के सामने कर्णावती नदी में मंगलवार सुबह एक 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान कठवइयां गांव निवासी राहुल प्रजापति के रूप में हुई है, जो ललित कुमार का पुत्र था। वह पिछले चार दिनों से लापता था और 26 अप्रैल को उसके परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह उसके दादा चंद्रमणि प्रजापति ने नदी किनारे शव देखा, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार शव की स्थिति संदिग्ध पाई गई है। शव पत्थर से बंधा हुआ था, जीभ बाहर निकली हुई थी तथा गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामले में हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।
थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। साथ ही परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त होने पर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था और गैपुरा स्थित आईटीआई कॉलेज में प्लंबर ट्रेड का अध्ययन कर रहा था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।













