सीवान, 28 अप्रैल
जिले के लकड़ी नबीगंज प्रखंड अंतर्गत माधोपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में चोरों ने लगातार दो रात तक चोरी कर पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना 26 अप्रैल की रात हुई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस के मौके पर न पहुंचने से चोरों के हौसले और बढ़ गए।
जानकारी के अनुसार, पहली रात चोरी की वारदात के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने के कारण 27 अप्रैल की रात चोर दोबारा विद्यालय पहुंचे और बचा हुआ सामान भी चोरी कर ले गए। इस पूरी घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया है।
विद्यालय में कार्यरत सहायक शिक्षक ने बताया कि पहली घटना के बाद सूचना देने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय पर पुलिस पहुंचती तो दूसरी रात की घटना को रोका जा सकता था।
चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर हाजिरी दर्ज करने वाला टैबलेट, शिक्षण सामग्री, हारमोनियम, गिटार, रसोई गैस सिलेंडर सहित कई महत्वपूर्ण सामान चोरी कर लिया। लगातार दो रात तक चोरी होने से विद्यालय व्यवस्था प्रभावित हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध बढ़ता जा रहा है, जबकि पुलिस गश्ती केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि इसी तरह लापरवाही जारी रही तो अपराधियों के मनोबल और बढ़ेंगे।
विद्यालय प्रशासन ने लकड़ी नबीगंज थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है, हालांकि स्थानीय लोग पहली शिकायत पर कार्रवाई न होने को लेकर सवाल उठा रहे हैं।













