अपराध
28 Apr, 2026

मुजफ्फरपुर में महिला और दो बच्चों की हत्या, परिवार में दहशत

मुजफ्फरपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है, जहां महिला और उसके दो छोटे बच्चों के शव कमरे में मिलने के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

मुजफ्फरपुर, 28 अप्रैल

जिले के पानापुर करियात थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहबाजपुर मठ के समीप सोमवार देर रात एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतकों में 30 वर्षीय महिला रीता देवी के साथ उसकी दो वर्षीय बेटी वैष्णवी और तीन महीने का बेटा कन्हैया शामिल हैं।

घटना के समय रीता देवी के पति मिठाई लाल शाह अपने भाई के साथ एक बारात में शामिल होने गए थे। रात करीब साढ़े तीन बजे जब वह घर लौटे तो मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश करने पर उन्होंने कमरे में अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के शव बेड पर पड़े देखे। मौके पर एक रस्सी भी पड़ी मिली।

मिठाई लाल शाह का आरोप है कि एक ही रस्सी का इस्तेमाल कर तीनों की गला घोंटकर हत्या की गई है। घटना ने परिवार को पूरी तरह हिला कर रख दिया है।

परिवार में कुल चार बच्चे हैं। घटना के समय दो छोटे बच्चे अपनी मां के साथ कमरे में थे, जबकि अन्य दो बच्चे अपनी दादी उर्मिला देवी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे उनकी जान बच गई।

मृतका की सास उर्मिला देवी ने इस घटना के पीछे गांव के कुछ रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि परिवार का गांव में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

सूचना मिलने पर डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में महिला और दोनों बच्चों की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है।

तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़