औरैया, 11 मई।
जनपद में सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट करने के मामले में अजीतमल थाना पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और एक विशेष वर्ग की भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट साझा करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। अजीतमल थाना पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम चिटकापुर निवासी 33 वर्षीय आरती देवी पत्नी दीपचंद्र को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक उपनिरीक्षक अभय प्रताप ने बताया कि महिला द्वारा सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री पोस्ट की गई थी, जिससे सामाजिक तनाव और विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका थी। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
इस संबंध में थाना अजीतमल में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम में महिला कांस्टेबल मधू कनौजिया भी शामिल रहीं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है और पोस्ट की तकनीकी जांच भी की जा रही है।





.jpg)






