झांसी, 09 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में लहचूरा थाना क्षेत्र अंतर्गत महिला मित्र और उसके तीन वर्षीय बेटे की हत्या करने वाले आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ में बुधवार देर रात हालत गंभीर बनी रही। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम बरौठा में 5 अप्रैल को महिला का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के सहयोग से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। मृतका की पहचान नीलू देवी निवासी गुड़गांव के रूप में हुई, जो अपने तीन वर्षीय पुत्र कृष्णा के साथ ग्राम बरौठा निवासी चतुर्भुज उर्फ दीपक पटेल के संपर्क में थी। नीलू का पति गुजरात में कार्यरत है।

जांच में सामने आया कि 1 अप्रैल को दीपक ने नीलू को गुड़गांव से बरौठा लाया। 2 अप्रैल की रात दोनों के बीच विवाद हुआ, जब नीलू ने अपने पति के पास लौटने की बात कही। नाराज दीपक ने कुल्हाड़ी से नीलू के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। मासूम कृष्णा भी आरोपी ने मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने शवों को छिपाने का प्रयास किया। 4 अप्रैल की रात आरोपी ने महिला का शव सड़क किनारे फेंक दिया और बच्चे के शव को भूसे के ढेर में छिपा दिया। महिला की लाश बरामद होने के बाद उसने साक्ष्य मिटाने के लिए भूसे के ढेर में आग लगा दी।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देश पर गठित टीम ने सर्विलांस के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की। देर रात नहर के पास पुलिस और स्वाट टीम का सामना आरोपी से हुआ। खुद को घिरता देख आरोपी ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा, कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।






.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
