यमुनानगर, 18 फ़रवरी।
यमुनानगर में सरकारी टेंडर दिलाने और साझेदारी में लाभ कमाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है, शिकायत के आधार पर सिटी थाना पुलिस ने बिहार निवासी कुमार अभिषेक और उनकी मां लीना देवी के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में यमुनानगर निवासी देवेंद्र अग्रवाल और प्रतीक वर्मा ने बताया कि उनकी पहचान एक परिचित के माध्यम से कुमार अभिषेक से हुई थी। अभिषेक ने स्वयं को विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी विभागों में कंप्यूटर मेंटेनेंस, इंटरनेट सेवाओं और रोबोटिक्स से जुड़े कार्यों के टेंडर लेने वाला व्यवसायी बताया और दावा किया कि उसकी निजी कंपनियां पंजीकृत हैं तथा कई राज्यों में सरकारी कार्य कर रही हैं।
आरोप है कि अभिषेक ने निवेश के बदले साझेदारी और मुनाफे में बराबर हिस्सेदारी का प्रस्ताव रखा और विश्वास में लेकर अलग-अलग परियोजनाओं के नाम पर समय-समय पर धनराशि मांगी। शिकायतकर्ताओं ने उसके बताए खातों में कई किस्तों में रकम जमा कराई। बाद में नई कंपनी गठित कर बड़े टेंडर दिलाने का भरोसा दिलाया और अतिरिक्त राशि ली। भुगतान का आश्वासन लगातार दिया गया, लेकिन कोई लाभ नहीं मिला। संबंधित विभागों से जानकारी जुटाने पर टेंडर और दस्तावेज फर्जी पाए गए और बैंक में लगाया गया एक चेक भी अनादरित हो गया। विरोध करने पर आरोपियों की ओर से धमकी दिए जाने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोप गंभीर पाए गए हैं और मामले की पड़ताल कर दस्तावेजों की सत्यता, लेन-देन और संबंधित खातों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि दोष सिद्ध होने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
