सुपौल, 20 अप्रैल
रात्रि गश्ती के दौरान अवैध शराब के विरुद्ध की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। यह कार्रवाई जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस टीम नियमित गश्ती पर थी।
थाना प्रभारी के अनुसार रविवार की रात लगभग 10 बजे एसआई मुकुल आजाद पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान करीब 12:30 बजे रामनगर रोड स्थित मछली आरहत के पास बाइक पर सवार दो युवक दिखाई दिए, जो पुलिस वाहन को देखते ही भागने लगे।
भागने के क्रम में पीछे बैठा युवक हाथ में लिए प्लास्टिक बोरे के साथ गिर पड़ा, जबकि बाइक चला रहा युवक मौके से फरार हो गया। गिरे हुए युवक को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया, जिसकी पहचान नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या 8 गांधीनगर निवासी राजू कुमार झा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद तीन प्लास्टिक बोरे की जांच की गई, जिसमें से कुल 180 बोतल नेपाली देशी शराब बरामद हुई, प्रत्येक बोतल 300 मिलीलीटर की थी, जिनकी कुल मात्रा लगभग 54 लीटर बताई गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने फरार बाइक चालक की पहचान करजाइन थाना क्षेत्र निवासी धीरेन्द्र कुमार के रूप में बताई। इसके बाद पुलिस ने सभी बरामद शराब को जब्त कर आरोपी को थाने लाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और मामला दर्ज करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।







.jpg)

