जबलपुर, 20 अप्रैल
अवैध रेत उत्खनन पर की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान मची अफरा-तफरी में एक युवक की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। यह घटना जबलपुर जिले में गौर चौकी क्षेत्र के जमतरा पुल के पास सामने आई, जहां प्रशासनिक और पुलिस टीम कार्रवाई के लिए पहुंची थी।
जानकारी के अनुसार अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर संबंधित टीम मौके पर पहुंची थी। टीम को देखते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई युवक नदी की ओर भागने लगे। इसी दौरान खिरहनी (बरगी) निवासी आकाश बर्मन संतुलन खोकर नर्मदा नदी में जा गिरा और गहराई अधिक होने के कारण बाहर नहीं निकल सका।
स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश फैल गया और उन्होंने कार्रवाई में शामिल टीम पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा किया तथा माइनिंग टीम को घेर लिया। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
अधिकारियों के अनुसार संयुक्त टीम में एसडीएम, सीएसपी, माइनिंग विभाग और पुलिस शामिल थी जो कार्रवाई के लिए पहुंची थी। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








.jpg)

