वाराणसी, 08 मई।
वाराणसी में सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित विनायक प्लाजा की दूसरी मंजिल पर शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान करने की कोशिश की गई, जिसके बाद पता चला कि उसके पास से तमिल भाषा में बना एक पहचान पत्र मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह दक्षिण भारत के किसी राज्य का रहने वाला था।
सिगरा थाना प्रभारी मनोज मिश्रा के अनुसार, मृतक की पहचान भरत खन्ना के रूप में हुई है। तमिल भाषा में मिला पहचान पत्र होने के कारण उसके तमिलनाडु से जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए जांच जारी है।
शव के पास से एक डायरी भी बरामद हुई है, जिसमें कुछ ऐसी प्रविष्टियां मिली हैं, जो आत्महत्या की ओर संकेत करती हैं। हालांकि पुलिस ने पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि मृतक विनायक प्लाजा तक कैसे और कब पहुंचा। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।






.jpg)

.jpg)


