न्यायपालिका
28 Apr, 2026

जमीन विवाद मामले में विधायक पप्पू पांडेय को राहत, गिरफ्तारी पर लगी रोक

गोपालगंज कोर्ट ने जमीन विवाद मामले में विधायक पप्पू पांडेय और उनके सहयोगी की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है, अगली सुनवाई 7 मई को होगी वहीं मामले को सिविल विवाद बताया गया है।

गोपालगंज, 28 अप्रैल।

गोपालगंज जिले की कुचायकोट विधानसभा सीट से जनता दल यूनाइटेड के विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय और उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट राहुल तिवारी को एडीजे-3 अदालत से मंगलवार को राहत मिली है। जमीन विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों की गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगाने का आदेश दिया है।

मामले में बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा और उच्च न्यायालय के अधिवक्ता नरेश दीक्षित ने पैरवी की। अदालत में यह दलील दी गई कि यह प्रकरण आपराधिक नहीं बल्कि पूरी तरह से सिविल प्रकृति का भूमि विवाद है।

अधिवक्ता मनन कुमार मिश्रा ने न्यायालय के समक्ष कहा कि उपलब्ध दस्तावेज और तथ्यों से किसी ठोस आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं होती, बल्कि इसे अनावश्यक रूप से आपराधिक स्वरूप देने का प्रयास किया गया है।

दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद अदालत ने मामले की प्रकृति को देखते हुए विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय और राहुल तिवारी की गिरफ्तारी पर तत्काल रोक लगा दी। साथ ही अगली सुनवाई के लिए 7 मई की तारीख तय की गई है। तब तक पुलिस किसी भी प्रकार की गिरफ्तारी नहीं कर सकेगी, जिससे उन्हें कानूनी तैयारी का समय मिल गया है।

अधिवक्ता ने बताया कि अदालत ने फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियों को किसी भी तरह की कठोर कार्रवाई, गिरफ्तारी या संपत्ति जब्ती से रोक दिया है। यह आदेश ‘नो कोर्सिव एक्शन’ के तहत जारी किया गया है, जिसके अनुसार फिलहाल कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी।

उन्होंने आगे कहा कि अगली सुनवाई में सभी दस्तावेज अदालत के सामने रखे जाएंगे, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।

उल्लेखनीय है कि विधायक पर आरोप है कि उन्होंने कथित रूप से भू-माफिया गतिविधियों को संरक्षण दिया और अवैध भूमि कारोबार में सहयोग किया। इसी आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई थी और जांच के बाद गिरफ्तारी वारंट भी जारी हुआ था।

इस मामले में सतीश पांडेय का नाम भी सामने आया है। आरोप है कि दोनों ने मिलकर अवैध जमीन कारोबार में सहयोग किया। हालांकि अदालत के आदेश के बाद फिलहाल उन्हें बड़ी राहत मिली है।

फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, क्योंकि पप्पू पांडेय क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं और मामला जमीन माफिया नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़