मंदसौर, 09 मई।
राजस्थान से आई केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो टीम ने मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 21 किलो नशीला पदार्थ जब्त किया है। दलौदा तहसील के लसूड़िया इला गांव में संचालित एक गुप्त मेफेड्रोन लैब का भंडाफोड़ किया गया, जहां से मेफेड्रोन, अफीम, रसायन और ड्रग्स निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए। इस मामले में मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह पूरी कार्रवाई मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसका खुलासा शनिवार दोपहर किया गया। टीम को पहले से गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि दलौदा क्षेत्र के लसूड़िया इला गांव के बाहरी हिस्से में कृषि भूमि पर बने एक कमरे और आसपास के क्षेत्र में अवैध रूप से सिंथेटिक ड्रग्स बनाने की लैब संचालित की जा रही है।
सूचना के आधार पर टीम ने कई घंटों तक क्षेत्र की निगरानी की, जमीन की मैपिंग की और संदिग्ध स्थान की पहचान की। पुष्टि होने के बाद दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जांच में यह सामने आया कि खेत में बनी इस संरचना का उपयोग नशीले पदार्थों के निर्माण के लिए किया जा रहा था।
अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र की संवेदनशीलता और पूर्व में दर्ज गतिविधियों को देखते हुए मध्य प्रदेश इकाई से अतिरिक्त सहायता भी ली गई। इसके बाद जावरा निवारक सेल की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से पूरी कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।



.jpg)

.jpg)






