किशनगंज, 13 अप्रैल।
कोचाधामन थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 264.28 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। तस्करी में इस्तेमाल की गई टाटा नेक्सॉन कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कोचाधामन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल से एक वाहन के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद चरधरिया चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान किशनगंज की ओर से आ रही संदिग्ध काले रंग की टाटा नेक्सॉन कार को रोका गया और तलाशी ली गई, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की पश्चिम बंगाल निर्मित कुल 264.28 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से 30,200 रुपये नकद और एक एप्पल मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस मामले में थाना कांड दर्ज करते हुए बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की संबंधित धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान किशनगंज निवासी रोहित चौधरी के रूप में हुई है, जबकि छोटू नामक एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार पूरे मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच की जा रही है तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की जांच कर उसे जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष समेत कई पुलिस अधिकारी, सशस्त्र बल के जवान और पिकेट कर्मी शामिल रहे।





.jpg)




.jpg)
_(1).jpg)