काठमांडू, 11 अप्रैल 2026।
अमेरिका ने आव्रजन नियमों के उल्लंघन के आरोप में नेपाल के 35 नागरिकों को एक बार फिर देश से निष्कासित कर दिया है, जो शनिवार को काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे।
त्रिभुवन एयरपोर्ट के आव्रजन अधिकारी नरहरि घिमिरे के अनुसार इन सभी 35 नेपाली नागरिकों को चार्टर विमान के माध्यम से वापस भेजा गया और वे शनिवार को काठमांडू पहुंचे। इनमें से 12 लोग अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचे थे, जबकि 2 लोग छात्र वीजा पर गए थे।
मानव तस्करी अनुसंधान ब्यूरो के एसएसपी कृष्ण पंगेनी के मुताबिक शेष अन्य नागरिकों को विभिन्न नियमों के उल्लंघन के आरोपों के चलते अमेरिका से निष्कासित किया गया है।
पिछले दो महीनों के भीतर ही अमेरिका से 200 से अधिक नेपाली नागरिकों को वापस भेजा जा चुका है, और यह प्रक्रिया लगातार जारी है। यह कार्रवाई डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद से और तेज हुई है।
ट्रम्प के सत्ता संभालने के बाद अमेरिकी प्रशासन ने प्रवासियों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। वीजा प्रक्रिया पूरी न करने वाले, वीजा अवधि से अधिक समय तक रुकने वाले तथा अनुशासनहीन आचरण वाले लोगों को हिरासत में लेकर उनके देशों में वापस भेजा जा रहा है।












