तेहरान, 06 मई।
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव को समाप्त करने को लेकर बातचीत निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। दोनों देशों के बीच युद्ध विराम और परमाणु मुद्दे पर समझौते की दिशा में तेजी से प्रगति हो रही है। जानकारी के अनुसार, ईरान अगले 48 घंटे के भीतर युद्धविराम पर सहमति जता सकता है। इस दिशा में 14 बिंदुओं पर आधारित एक मसौदा समझौता तैयार किया गया है, हालांकि अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।
प्रस्तावित समझौते के अनुसार ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित अवधि के लिए रोकने पर विचार कर रहा है। इसके बदले अमेरिका चरणबद्ध तरीके से आर्थिक प्रतिबंधों में राहत देने के साथ ईरान की जब्त संपत्तियों को जारी करने की संभावना पर सहमत हो सकता है। इसके अलावा होर्मुज स्ट्रेट में दोनों देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों में भी ढील देने की योजना है।
सबसे अहम मुद्दा परमाणु कार्यक्रम को रोकने की अवधि को लेकर बना हुआ है। ईरान ने इसे पांच वर्ष तक सीमित रखने का प्रस्ताव रखा है, जबकि अमेरिका पहले इसे लंबी अवधि तक लागू करने की बात कर रहा था। अब दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए 12 से 15 वर्ष की अवधि पर चर्चा जारी है।
इसी बीच अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री यातायात सामान्य करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक नया प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। इस प्रस्ताव में ईरान से समुद्री हमलों को रोकने, बारूदी सुरंगें न बिछाने और जहाजों से वसूली जैसी गतिविधियां तत्काल बंद करने की मांग की गई है।








.jpg)




