कोलकाता, 08 अप्रैल 2026।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बहरमपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी की केंद्रीय सुरक्षा में वृद्धि कर दी गई है। सरकारी सूत्रों ने बुधवार को बताया कि उनकी सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। मंगलवार को सुरक्षा टीम में पांच और कर्मी जोड़े गए, जिनमें महिला सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।
यह कदम उस समय उठाया गया जब मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। लगातार दो दिनों तक तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और ‘गो बैक’ के नारे लगाए।
अधीर रंजन चौधरी को सांसद रहते हुए ‘वाई प्लस’ श्रेणी की केंद्रीय सुरक्षा मिली थी और उनके साथ पांच सुरक्षाकर्मी तैनात रहते थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में हारने के बाद भी उनकी सुरक्षा वापस नहीं ली गई थी। अब सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद ‘वाई प्लस’ श्रेणी के सुरक्षाकर्मियों की संख्या दस हो गई है। इसके अलावा राज्य पुलिस के दो कांस्टेबल भी उनकी सुरक्षा में तैनात हैं।
इस बीच, अभिषेक बनर्जी ने मुर्शिदाबाद के जलंगी में आयोजित सभा में आरोप लगाया कि अधीर चौधरी और केंद्र के बीच सुरक्षा को लेकर मौन समझौता है। वहीं, चौधरी के करीबी नेता ने कहा कि प्रचार के दौरान उन्हें कई स्थानों पर बाधाओं का सामना करना पड़ा और कुछ जगहों पर उनके खिलाफ ‘गो बैक’ के नारे लगे।
रविवार को बहरमपुर के तीन इलाकों में प्रचार के दौरान भी विरोध प्रदर्शन हुआ, जिसे पुलिस और केंद्रीय बलों ने नियंत्रित किया। इससे पहले शनिवार को भी पैदल प्रचार के दौरान उनके खिलाफ विरोध हुआ था। घटना के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने बहरमपुर थाने के प्रभारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की और चुनाव प्रचार में अवरोध के आरोप में चार तृणमूल कार्यकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

